प्रधानमंत्री मोदी के प्रस्तावित संबोधन कार्यक्रम की तैयारी को लेकर जिलाधिकारी ने की बैठक

 




सारण, 01 अगस्त (हि.स.)।समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान को लेकर एक बैठक आज आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने इस अभियान को जिले में व्यापक जनभागीदारी के साथ एक जनआंदोलन का रूप देने पर विशेष जोर दिया।

जिला जन संपर्क पदाधिकारी डॉ नीना झा ने बताया कि बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 2 अगस्त को आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनने तथा शपथ ग्रहण समारोह की सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को जिले के 10 कॉलेजों में कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया, विशेष रूप से राजेंद्र कॉलेज छपरा में प्रभारी मंत्री के आगमन को लेकर सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

अभियान में जनप्रतिनिधियों, जीविका समूहों, पीडीएस डीलर्स, ब्रह्मकुमारी संस्थान, स्काउट एंड गाइड एवं स्वयंसेवी संस्थाओं को भी सक्रियता से जोड़ने का निर्देश दिया गया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं जिला सूचना पदाधिकारी को तकनीकी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विकसित भारत के निर्माण में नशामुक्त युवा शक्ति की भूमिका सर्वोपरि है, इसलिए इस अभियान को गांव-गांव और शहरों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। बैठक में डीडीसी, एडीएम सहित विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार