जनता के दरबार में जिलाधिकारी ने सुनीं 81 फरियादियों की समस्याएँ
सारण, 10 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव द्वारा आम जनता की समस्याओं के निराकरण हेतु जनता के दरबार में जिलाधिकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए कुल 81 फरियादियों ने अपनी समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा जिस पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समय सीमा के भीतर कार्रवाई करने का सख्त निर्देश दिया।
जनता दरबार में आए आवेदनों में सबसे बड़ी संख्या राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से संबंधित मामलों की रही। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भूमि विवादों का निपटारा प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तरैया के एक आवेदक ने शिकायत की कि स्थानीय दबंगों द्वारा उनके घर का रास्ता बाधित कर दिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी तरैया को संयुक्त रूप से सुनवाई कर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। वहीं जलालपुर में जमीन पर अवैध कब्जे के एक मामले में अनुमंडल पदाधिकारी सदर को सुनवाई का निर्देश दिया गया। डोरीगंज के एक आवेदक ने एन एच 19 फोरलेन निर्माण में अधिग्रहित भूमि के मुआवजे का भुगतान न होने की शिकायत की।
इस पर जिलाधिकारी ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को तत्काल जाँच कर भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। एकमा प्रखंड के एक आवेदक ने बताया कि उनके आवास निर्माण कार्य को स्थानीय व्यक्ति द्वारा रोका जा रहा है। जिलाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी एकमा को संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण और जाँच कर बाधा दूर करने का आदेश दिया। इसुआपुर के एक आवेदक द्वारा घर के ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज तार से खतरे की शिकायत पर, जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता विद्युत को सुरक्षा मानकों की जाँच कर आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन आम लोगों की शिकायतों के प्रति संवेदनशील है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है ताकि सुदूर क्षेत्रों से आने वाले लोगों को न्याय मिल सके। अन्य सभी प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को हस्तांतरित करते हुए जिलाधिकारी ने पोर्टल पर इसकी प्रगति की निगरानी करने का भी निर्देश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार