जनता दरबार में जिलाधिकारी ने सुनीं 85 फरियादियों की समस्याएं

 






सारण, 06 अप्रैल (हि.स.)। जिले के आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान हेतु समाहारणालय में आयोजित जनता के दरबार में जिलाधिकारी कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी ने 85 लोगों से मुलाकात कर उनकी शिकायतों को सुना। साप्ताहिक रूप से प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में आज राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़ी शिकायतों की प्रधानता रही।

गरखा बाईपास परियोजना के लिए अधिग्रहित जमीन के मुआवजे में देरी की शिकायत पर जिलाधिकारी ने तत्काल जिला भू-अर्जन पदाधिकारी से फोन पर बात की। अधिकारी द्वारा आश्वस्त किया गया कि प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और जल्द ही भुगतान कर दिया जाएगा। सदर छपरा प्रखंड के रामपुर विन्दगाम वार्ड नं. 2 में मोटर खराब होने से बाधित नल-जल योजना पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को त्वरित मरम्मत के निर्देश दिए। गरखा की एक महिला द्वारा पति की डूबने से हुई मृत्यु के बाद सहायता राशि न मिलने की शिकायत पर, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी को अविलंब भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने अन्य सभी आवेदनों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया है, ताकि आमजन को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार