राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल को 15 अगस्त तक हैंडओवर करने का जिलाधिकारी ने एजेंसी दिया निर्देश

 








सारण, 06 अगस्त (हि.स.)। राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल छपरा का जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, आधारभूत संरचनाओं तथा मरीजों को मिल रही सुविधाओं की गहन समीक्षा की।

इस अवसर पर सिविल सर्जन, सारण तथा अस्पताल अधीक्षक सहित अन्य संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, औषधि वितरण केंद्र, पैथोलॉजी जांच सुविधाओं, पेयजल, बिजली आपूर्ति तथा स्वच्छता व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्माण एजेंसी को 15 अगस्त तक हर हाल में सभी कार्य पूर्ण कर भवन हैंडओवर करने का निर्देश दिया।

बीएमएसआईसीएल के उप महाप्रबंधक को निर्देशित किया गया कि वे निर्माण एजेंसी को समयबद्ध कार्य पूरा करने हेतु संवेदनशील बनाएं और स्पष्ट समय-सीमा के साथ कार्ययोजना प्राप्त करें। निर्माण एवं लंबित कार्यों की नियमित समीक्षा हेतु जीएमसीएच अधीक्षक की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति गठित करने का निर्देश दिया गया। इसमें निदेशक एनईपी, निदेशक डीआरडीए तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक स्वास्थ्य शामिल होंगे।

अस्पताल परिसर में जल निकासी हेतु पथ निर्माण विभाग से समन्वय स्थापित करने, मरीजों के भोजन हेतु जीविका के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों का चयन करने और पर्यावरण संरक्षण हेतु मनरेगा से पौधारोपण कराने के निर्देश दिए गए। एम्बुलेंस तथा ब्लड बैंक की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जीएमसीएच को सदर अस्पताल एवं ब्लड बैंक से टैग करने का निर्देश जारी किया।

जिलाधिकारी ने चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों को सख्त हिदायत दी कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, संवेदनशील एवं समयबद्ध इलाज देना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। अस्पताल में आने वाले हर मरीज के साथ मानवीय व सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और शिकायतों का त्वरित निवारण हो। उन्होंने दोहराया कि जिला प्रशासन आमजन को सुलभ चिकित्सा सुविधा प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध है।

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार