जिलाधिकारी ने इसुआपुर के गेहुआ नदी के कटाव का किया स्थलीय निरीक्षण
सारण, 07 अगस्त (हि.स.)।जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने इसुआपुर प्रखंड की डटरा पुरसौली पंचायत में गेहुआ नदी से प्रभावित कटाव स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया।
उन्होंने जमीनी स्थिति, जल निकासी की व्यवस्था और चल रहे निरोधात्मक कार्यों की समीक्षा की तथा स्थानीय ग्रामीणों से मिलकर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अवगत कराया कि अतिरिक्त जल निकासी के लिए ह्यूम पाइप लगाए गए हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने प्रभावित स्ट्रेच के स्थायी पक्कीकरण और संवेदनशील तटबंध के किनारों पर सीमेंट-कंक्रीट निर्माण कराने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने जल प्रवाह को सुगम बनाने और कटाव रोकने के उद्देश्य से नहर किनारे उगी झाड़ियों व पुराने पेड़-पौधों की तत्काल साफ-सफाई कराने का आदेश दिया।
किसी भी आपात स्थिति से निपटने और त्वरित राहत कार्य सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने स्थल के समीप दो हजार बालू मिट्टी से भरे बोरे सुरक्षित भंडारित रखने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि जन-धन की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी संवेदनशील बिंदुओं पर निरंतर सतर्कता और सतत निगरानी रखी जाए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, आवश्यक संसाधन तैयार रखने और क्षेत्र की नियमित मॉनिटरिंग रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए। इस निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी मढ़ौरा, प्रखंड विकास पदाधिकारी इसुआपुर तथा कार्यपालक अभियंता बाढ़ निस्सरण प्रमंडल, छपरा उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार