जिलाधिकारी ने किया तरैया प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण

 








सारण, 05 मार्च (हि.स.)। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने तरैया प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, उपस्थिति पंजी और विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को सख्त निर्देश दिया कि वे अपनी बॉयोमेट्रिक अटेंडेंस हर हाल में सुनिश्चित करें। उन्होंने स्वयं कर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति का मिलान किया और प्रधान लिपिक व अन्य लिपिकों के लॉगबुक पंजी का अवलोकन कर कार्यों की अद्यतन स्थिति देखी। इस दौरान डीएम ने पुराने दस्तावेजों के व्यवस्थित और वैज्ञानिक ढंग से किए गए रखरखाव को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इसकी सराहना करते हुए अन्य सरकारी कार्यालयों को भी इसी पद्धति से दस्तावेजों को सुरक्षित रखने का निर्देश दिया।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 'मृत' चिह्नित किए गए लाभार्थियों का शत-प्रतिशत पुनः सत्यापन किया जाए।

प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि सत्यापन की प्रक्रिया के दौरान अब तक 3 लाभार्थी जीवित पाए गए हैं जिन्हें योजना से पुनः जोड़ा जा रहा है। कार्य निष्पादन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से डीएम ने प्रखंड सांख्यकी पदाधिकारी का प्रभार स्थानीय पदाधिकारी को सौंपने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने नये प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन के निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू करने को कहा।

उन्होंने निर्देश दिया कि सम्पूर्ण परिसर की विधिवत मापी कराई जाए। भवन निर्माण परिसर के पिछले हिस्से से शुरू हो, ताकि आगे की जमीन का उपयोग भविष्य की अन्य आवश्यकताओं के लिए किया जा सके। निरीक्षण के दौरान मढ़ौरा के भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, तरैया के प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित कई अन्य जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार