32वीं बाल विज्ञान कांग्रेस द्वारा जिला स्तरीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन

 


सहरसा,21 जुलाई (हि. स.)। सूचना प्रौद्योगिकी भारत सरकार एवं राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद के तत्वाधान में राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद व बिहार विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के उत्प्रेरण में साइंस फाॅर सोसाइटी के द्वारा 32वीं बाल विज्ञान कांग्रेस के जिला स्तरीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन एकलव्या सेंट्रल स्कूल सुलिंदाबाद में संपन्न हुआ।

इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रखंड के कई शिक्षक शिक्षिकाओं ने भाग लिया। एनसीएससी के इस बार का मुख्य विषय निरंतरता के लिए विज्ञान एवं नवाचार को रखा गया है। मुख्य विषय को पाँच उप विषय में बाँटा गया है। अपशिष्ट प्रबंधन, ऊर्जा, जल, भोजन एवं कृषि व निरंतरता के लिए भारतीय ज्ञान प्रणालियों का अनुप्रयोग में मुख्य विषय को वर्गीकृत किया गया है।

कार्यक्रम की शुरुआत साइंस फॉर सोसाइटी के जिला समन्वयक राम बिलास यादव,शैक्षिक समन्वयक कुमार विक्रमादित्य, पूर्व समन्वयक शंभु प्रसाद यादव, पूर्व क्षेत्रीय समन्वयक बालमुकुंद साह, एकलव्या स्कूल के डायरेक्टर अजय सिंह व मुकेश सिंह एवं प्रधानाध्यापक रोशन कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

राजकीय सम्मान से सम्मानित प्रधानाध्यापक, लेखक व शैक्षिक समन्वयक कुमार विक्रमादित्य ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया कि छात्रों के वैज्ञानिक दृष्टिकोण को विकसित करते हुए ही बेहतर प्रोजेक्ट का निर्माण करवाया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि बाल विज्ञान कांग्रेस में छात्र स्थानीय समस्याओं के समाधान व उपलब्ध संसाधनों के बेहतर व निरंतर उपयोग हेतु विभिन्न प्रोजेक्ट पर काम करते हैं।

जिला समन्वयक राम बिलास यादव ने बताया कि इस कार्यक्रम में 10 से 17 वर्ष के बच्चे भाग लेते हैं। यह कार्यक्रम जिला स्तर से शुरू होकर राष्ट्रीय स्तर तक होती है। पूर्व समन्वयक बाल मुकुंद साह ने प्रोजेक्ट निर्माण के कई महत्वपूर्ण बातों को सबके सामने रखा और बताया कि कैसे शिक्षक अपने बच्चों को प्रोजेक्ट निर्माण हेतु प्रेरित करें।

एकलव्या स्कूल के डायरेक्टर अजय सिंह ने विज्ञान के कई महत्त्वपूर्ण पहलुओं को आधुनिक समय से जोड़ते हुए प्रोजेक्ट निर्माण की बात कही वही मुकेश सिंह ने विज्ञान के प्रयोग को आदत में लाने की बात पर बल दिया।

रोशन कुमार चौधरी ने बताया कि कैसे कोई अदना सा नवाचार लोगों की जिंदगी को बदल देता है।आज के इस कार्यशाला में विभिन्न प्रखंडों के शिक्षकों ने अपनी सहभागिता सुनिश्चित की। सभी प्रतिभागियों ने आश्वासन दिया कि कल से ही विद्यालय में वे अपने बाल वैज्ञानिकों के साथ मिलकर विभिन्न टॉपिक पर कार्य करेंगे ताकि आगामी जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस हेतु उन्हें तैयार किया जा सके।

इस कार्यक्रम में पावस कुमार, पशुपति नाथ मिश्रा,विनय कुमार पाठक, सुधांशु कुमार, आभा कुमारी, नीरज कुमार, संतोष कुमार, मनोज कुमार, संजीव कुमार, नीलम कुमारी, सरिता कुमारी, वीणा कुमारी, रविकांत कुमार, अजय कुमार, सरोज कुमार, देव मुकुंद, कमलेश कुमार आदि उपस्थित थे ।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार