सुपौल में गुरुवार से शुरू होगी राज्य स्तरीय बालिका कराटे प्रतियोगिता

 

सुपौल, 18 नवंबर (हि.स.)। जिला प्रशासन, सुपौल के तत्वावधान में गुरुवार से तीन दिवसीय राज्य स्तरीय बालिका कराटे प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता 19 से 21 नवंबर तक आयोजित होगी।

इसमें अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग की बालिका खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता का आयोजन सुपौल स्थित मल्टीपर्पस इंडोर स्टेडियम में किया जाएगा। वहीं, गुरुवार 19 नवंबर को पूर्वाह्न 11:30 बजे टाउन हॉल, सुपौल में उद्घाटन समारोह आयोजित होगा। जिलाधिकारी सावन कुमार प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे।

तीन दिनों तक चलने वाली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से पहुंचने वाली बालिका खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ कराटे खेल को प्रोत्साहित करना और प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है।

जिला प्रशासन की ओर से प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र