53वें जिला स्थापना दिवस पर नवोदय विद्यालय में कृषि विज्ञान क्विज व निबंध प्रतियोगिता; मेधावी छात्र पुरस्कृत
कटिहार, 01 अक्टूबर (हि.स.)। 53वें कटिहार जिला स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में कृषि विज्ञान एवं मृदा परीक्षण के महत्व पर केंद्रित क्विज एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के निर्देशन में जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का संयोजन जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक (आत्मा) राजीव कुमार ने किया।
प्राकृतिक खेती और मृदा परीक्षण पर परखी गई प्रतिभा
प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। निबंध लेखन में लगभग 30 विद्यार्थियों ने प्राकृतिक खेती, वर्षा जल संचयन एवं मृदा परीक्षण के महत्व जैसे समसामयिक विषयों पर अपने विचार रखे। वहीं, क्विज प्रतियोगिता में शामिल 28 छात्र-छात्राओं से मृदा स्वास्थ्य, कृषि विज्ञान, फसल उत्पादन एवं वैज्ञानिक पौधा संरक्षण से जुड़े सवाल पूछे गए। दोनों प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावियों को प्रमाण-पत्र, डायरी व पेन देकर सम्मानित किया गया।
विशेषज्ञों ने दी करियर काउंसलिंग, लैब भ्रमण की जताई इच्छा
कार्यक्रम में पहुंचे मिट्टी जांच प्रयोगशाला के सहायक निदेशक (रसायन) अमितेश कुमार ने छात्रों को संतुलित उर्वरक प्रबंधन व मृदा स्वास्थ्य की जानकारी दी। वहीं सहायक निदेशक (पौधा संरक्षण) जय किशन कुमार ने फसलों में कीट नियंत्रण व सुरक्षा के वैज्ञानिक तरीके बताए। अधिकारियों ने कृषि इंजीनियरिंग, अनुसंधान, मृदा विज्ञान और पादप संरक्षण के क्षेत्र में भविष्य के करियर विकल्पों पर छात्रों की काउंसलिंग भी की। इस दौरान उत्साही विद्यार्थियों ने संयुक्त कृषि भवन स्थित मिट्टी जांच प्रयोगशाला का भ्रमण कर परीक्षण तकनीकों को समझने की इच्छा जताई।
वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना मुख्य ध्येय: डीएओ
जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से स्कूली बच्चों में कृषि, पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरे कृष्ण कुमार, वरिष्ठ शिक्षक डॉ. संजीव कुमार तथा प्रखंड कृषि पदाधिकारी प्रिया कुमारी का विशेष सहयोग रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह