जिलेभर में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाई गई भगवान चित्रगुप्त की पूजा

 


सुपौल, 11 नवंबर (हि.स.)। जिलेभर में बुधवार को भगवान चित्रगुप्त की पूजा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कायस्थ समाज के लोगों ने परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं उन्नति की कामना की। पूजा को लेकर सुबह से ही घरों एवं पूजा स्थलों पर विशेष तैयारी की गई थी। श्रद्धालुओं ने भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमा और तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर विधि-विधान से पूजा की। इस दौरान कलम, दवात और बही-खाते की भी पूजा की गई। धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान चित्रगुप्त मनुष्य के कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाले देवता हैं। उन्हें ज्ञान, बुद्धि और लेखन कला का अधिष्ठाता माना जाता है।

पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने परिवार के सदस्यों के साथ सामूहिक रूप से आराधना की और एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। कई स्थानों पर सामूहिक पूजा एवं प्रसाद वितरण का भी आयोजन किया गया। पूरे जिले में चित्रगुप्त पूजा को लेकर उत्साह और भक्तिमय माहौल बना रहा।

इस अवसर पर लोगों ने भगवान चित्रगुप्त से सद्बुद्धि, सदाचार, सफलता और समाज में सुख-शांति बनाए रखने की प्रार्थना की। जिला मुख्यालय स्थित गांधी मैदान और कायस्थ टोला में भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमा स्थापित कर पूजा अर्चना की गई। मौके पर भजन कीर्तन का भी आयोजन किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र