जिला विधिज्ञ संघ सुपौल में शोक सभा आयोजित, अधिवक्ता शारदा रमण झा को दी गई श्रद्धांजलि
सुपौल, 03 जून (हि.स.)। जिला विधिज्ञ संघ, सुपौल की ओर से बुधवार को सांसद रंजीत रंजन सभागार में वरिष्ठ अधिवक्ता स्वर्गीय शारदा रमण झा के निधन पर शोक सभा का आयोजन किया गया।
इस दौरान संघ के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने दिवंगत अधिवक्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की जानकारी के अनुसार, जिला विधिज्ञ संघ के पंजीकृत अधिवक्ता शारदा रमण झा का निधन 2 जून 2026 को उनके पैतृक गांव कर्णपुर में हो गया था। उनके निधन की खबर से अधिवक्ता समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई।
आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित अधिवक्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी। साथ ही उनके योगदान और व्यक्तित्व को याद करते हुए उन्हें एक समर्पित एवं सम्मानित अधिवक्ता बताया। सभा के दौरान सभी अधिवक्ताओं से न्यायिक कार्यों से दूर रहकर शोक व्यक्त करने का भी आग्रह किया गया।
शोक सभा में जिला विधिज्ञ संघ के अध्यक्ष नागेंद्र नारायण ठाकुर, सचिव दीप नारायण भारती, कोषाध्यक्ष मणिकांत झा, पूर्व सचिव सुधीर कुमार झा, अधिवक्ता संजय कुमार सिंह, गणेश चौधरी, ललित नारायण झा, सौरभ मोहन ठाकुर सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
सभा के अंत में सभी ने दिवंगत अधिवक्ता शारदा रमण झा के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र