सेवा, सहयोग और सामाजिक सद्भाव की भावना ही पर्वों की असली पहचान: ललन सर्राफ
छठ व्रतियों के बीच सूप एवं पूजन सामग्री का वितरण कर सामाजिक सरोकारों का दिया संदेश
पटना, 11 नवंबर (हि.स.)। वैश्य महासभा, पटना महानगर की ओर से फुलवारीशरीफ के पुर्नेंदु नगर, खोजा इमली में बुधवार को आयोजित सूप वितरण कार्यक्रम में विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उप-नेता सह विधान पार्षद ललन कुमार सर्राफ शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने छठ व्रतियों एवं जरूरतमंद परिवारों के बीच सूप और पूजन सामग्री का वितरण किया।
माैके पर ललन सर्राफ ने कहा कि छठ महापर्व हमारी लोक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह पर्व हमें त्याग, तपस्या, स्वच्छता और समर्पण के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है। उन्होंने कहा कि पर्व की खुशियां तभी सार्थक हैं, जब समाज का हर वर्ग उसमें सहभागी बने। जरूरतमंद परिवारों के बीच पूजन सामग्री का वितरण सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करता है।
सर्राफ ने वैश्य महासभा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संगठनों को जनकल्याण एवं जरूरतमंदों की सहायता के लिए निरंतर आगे आना चाहिए। उन्होंने सभी छठ व्रतियों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान सूर्य एवं छठी मैया से सबके सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी