वक्फ 159 के द्वारा 70 परिवारों के बीच होली किट का वितरण
भागलपुर, 03 मार्च (हि.स.)। वक्फ सैयद शाह इनायत हुसैन 159, खानकाह पीर दमड़िया शाह खलीफाबाग, भागलपुर की ओर से आपसी एकता और समाज में सद्भाव का संदेश फैलाने के लिए रमजान जैसे पवित्र महीने में हिंदू भाइयों के पावन पर्व होली के अवसर पर मंगलवार को वक्फ 159 की तरफ से 70 परिवारों के बीच सद्भावना होली किट का वितरण किया गया।
यह किट मोदी नगर, अंबेडकर नगर, नाथनगर अनाथालय रोड, लालूचक चंपानगर और मसकन बरारी आदि क्षेत्रों में बांटी गई। विशेष रूप से कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के बीच इन किटों का वितरण इस उद्देश्य से किया गया ताकि रंगों के इस खुशी के त्योहार की मुस्कान हर घर तक पहुंच सके।
इस अवसर पर खानकाह पीर दमड़िया शाह के सज्जादा नशीन और वक्फ 159 के मुतवल्ली मौलाना सैयद शाह फ़ख़रे आलम हसन ने कहा कि आज दुनिया में जहां भी नजर दौड़ाई जाए, हर तरफ नफरत, दुश्मनी और संघर्ष का माहौल दिखाई देता है। ऐसा लगता है मानो इंसान को मोहब्बत के लिए नहीं बल्कि नफरत के लिए बनाया गया हो, जबकि “इंसान” शब्द का अर्थ ही एक-दूसरे से प्रेम और अपनापन रखने वाला है, जो प्यार, सच्चाई और हमदर्दी के साथ पेश आता है।
उन्होंने आगे कहा कि त्योहारों के मौके पर एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होना और उपहारों का आदान-प्रदान करना दिलों को करीब लाने की एक सकारात्मक और प्रभावी पहल है। ऐसे प्रयासों से भाईचारा मजबूत होता है और समाज में सौहार्द को बढ़ावा मिलता है। इस मौके पर मानव सहायता केंद्र के निदेशक देव ज्योति मुखर्जी, मोहम्मद अहमद बाशू, मोहम्मद अबसार और हम्माद हुसैनी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने वितरण कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर