दिशा की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को प्रगति तेज करने का निर्देश

 




सुपौल, 23 सितंबर (हि.स.)। समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में बुधवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद सह दिशा समिति के अध्यक्ष दिलेश्वर कामैत की अध्यक्षता में हुई।

बैठक में जिले में संचालित विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य सरकार की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने का निर्देश दिया।

बैठक में निर्मली विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव, पिपरा विधायक रामविलास कामत, त्रिवेणीगंज विधायक सोनम रानी, जिला परिषद अध्यक्ष कमला देवी, 20 सूत्री उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव, सभी प्रखंड प्रमुख एवं मनोनीत सदस्य उपस्थित रहे। जिलाधिकारी सावन कुमार, उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार, अपर समाहर्ता सचिदानंद सुमन, सिविल सर्जन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता भी बैठक में मौजूद थे।

रोजगार सृजन से संबंधित योजना की समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में मानव दिवस सृजन का लक्ष्य 17 लाख 19 हजार 552 निर्धारित किया गया है। इसके विरुद्ध अब तक 10 लाख 27 हजार 210 मानव दिवस का सृजन किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का 59.74 प्रतिशत है। योजना के तहत क्रियान्वित कुल योजनाओं में से 93.14 प्रतिशत योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। शेष योजनाओं का कार्य प्रगति पर है।

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में अब तक कुल 25,991 आवासों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। लाभुकों को दूसरी एवं तीसरी किस्त की राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में भी तेजी लाई गई है।

अधिकारियों को शेष अपूर्ण आवासों का निर्माण जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया गया। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 21 सामुदायिक स्वच्छता परिसरों के लक्ष्य के विरुद्ध 19 का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि दो का निर्माण जारी है। जिले में लक्षित 174 कचरा प्रसंस्करण इकाइयों में से 172 का निर्माण पूरा किया जा चुका है। दो इकाइयों का निर्माण अभी प्रगति पर है।

लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के दूसरे चरण के तहत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण पूरा करने वाले 7,315 लाभुकों को सहायता राशि का भुगतान किया जा चुका है। जल शक्ति अभियान की समीक्षा के दौरान बताया गया कि विभिन्न संरचनाओं के तहत अब तक कुल 7,214 कार्य पूरे कराए जा चुके हैं।

बैठक में जल संरक्षण से जुड़े कार्यों तथा संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अध्यक्ष ने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी करते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र