सारण में दिशा समिति की बैठक सात अप्रैल को
सारण, 05 अप्रैल (हि.स.)। जिले के विकास और जन-कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा हेतु जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति की एक दिवसीय बैठक सात अप्रैल को सारण समाहरणालय के सभागार में आयोजित की जाएगी। इस बैठक की अध्यक्षता सारण सांसद सह पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी करेंगे, जबकि महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल सह-अध्यक्ष की भूमिका में रहेंगे। बैठक को सुव्यवस्थित रूप से चलाने के लिए इसे दो सत्रों में विभाजित किया गया है
प्रथम सत्र 11:00 बजे सुबह से 2:00 दोपहर तक चलेगा। इस सत्र में केंद्र प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा और विमर्श किया जाएगा, जबकि द्वितीय सत्र 2:30 दोपहर से 7:00 शाम बजे तक होगी। दूसरे सत्र में राज्य सरकार की योजनाओं एवं प्रखंड स्तर पर जारी विकास कार्यों की प्रगति और उनके क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों पर चर्चा होगी। बैठक में जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई और बिजली जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर सूक्ष्म अवलोकन किया जाएगा। इसके अलावा सड़क, रेलवे और शहरी विकास की परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा होगी।
बैठक में सोनपुर विधायक बिनय कुमार सिंह, छपरा विधायक छोटी कुमारी सहित जिले के सभी माननीय विधायक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। प्रशासनिक स्तर पर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार सहित सभी विभागों के वरीय अधिकारी, बीडीओ और सीओ को विस्तृत रिपोर्ट के साथ उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।
सांसद राजीव प्रताप रूडी ने बताया कि यह बैठक पारदर्शिता और जवाबदेही तय करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है, ताकि विकास का लाभ सीधे आम जनमानस तक पहुँच सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार