दिव्यांगों ने जिलाधिकारी से की मुलाकात, ज्वलंत समस्याओं का सौंपा ज्ञापन
कटिहार, 25 फरवरी (हि.स.)। बिहार राज्य सलाहकार बोर्ड सदस्य (समाज कल्याण विभाग) के शिव शंकर रमानी के नेतृत्व में दिव्यांगों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिलाधिकारी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दिव्यांगों की ज्वलंत समस्याओं और उनके अधिकारों से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुखता से दिव्यांग अधिकार अधिनियम 2016 को जिले में पूरी तरह प्रभावी बनाने की मांग की। रमानी ने डीएम को अवगत कराया कि यह कानून 20 दिसंबर 2016 को अधिसूचित हुआ और 19 अप्रैल 2017 से प्रभावी है, लेकिन 9 वर्ष बीत जाने के बाद भी कटिहार जिले में इसके कई प्रावधान धरातल पर नहीं उतर पाए हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने एक अन्य मांग पत्र के माध्यम से जिले के लगभग 1 लाख 40 हजार दिव्यांगों को अंत्योदय अन्न योजना से जोड़ने और उन्हें रियायती राशन कार्ड निर्गत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रहे दिव्यांग परिवारों को प्रतिमाह 35 किलो अनाज सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
डीएम ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्य शिव शंकर रमानी के अलावा संस्था के मीडिया प्रभारी विजय कुमार चंद्रवंशी, मोहम्मद लोको, मोहम्मद अली हक, वीरेंद्र ठाकुर आदि प्रमुख रूप से शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह