जय प्रकाश महिला कॉलेज में दीक्षारम्भ कार्यक्रम आयोजित

 




सारण, 01 जुलाई (हि.स.)। जय प्रकाश महिला कॉलेज में सत्र 2026-2030 के नव नामांकित छात्राओं के लिए दीक्षारम्भ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ किरण कुमारी ने की।

समारोह की शुरुआत में छात्राओं को राज्यपाल सह-कुलाधिपति द्वारा भेजा गया वीडियो संदेश दिखाया गया। इसके बाद प्राचार्य डॉ किरण कुमारी ने राज्यपाल के प्रति आभार व्यक्त किया और नई छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि यह संस्थान केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, नैतिक मूल्य और व्यक्तित्व विकास के अवसर भी प्रदान करता है।

प्राचार्य ने नई शिक्षा नीति पर विस्तार से प्रकाश डाला और सुचारू वर्ग संचालन के लिए कॉलेज में छात्राओं की 75% उपस्थिति को अनिवार्य बताया। उन्होंने छात्राओं को समय के सदुपयोग, शिक्षकों के सम्मान, सकारात्मक सोच और नियमित अध्ययन के साथ आगे बढ़ने की सीख दी। उन्होंने छात्राओं को प्रश्न पूछने और सहपाठियों के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।

इसके बाद सभी शिक्षकों ने छात्राओं को अपना परिचय दिया और विषयों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ शबाना परवीन मल्लिक ने किया। इस अवसर पर छात्राओं का उत्साह बढ़ाने के लिए डॉ रेखा श्रीवास्तव, डॉ शिखा सिन्हा और डॉ रिंकी कुमारी सहित कई अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार