डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा, अबजुगंज हॉल्ट पर एम-यूटीएस सुविधा का शुभारंभ

 


भागलपुर, 24 अगस्त (हि.स.)।

डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने और रेल यात्रियों की यात्रा को अधिक सुगम बनाने के लिए मालदा मंडल द्वारा लगातार आधुनिक कदम उठाए जा रहे हैं।

इसी कड़ी में सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में अबजुगंज हॉल्ट पर मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग सिस्टम सुविधा की शुरुआत की गई। यह सुविधा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह के पर्यवेक्षण में शुरू की गई है।

शुभारंभ के दौरान एक यात्री द्वारा पहला अनारक्षित टिकट खरीदा गया, जिसके साथ ही हॉल्ट स्टेशन पर इस डिजिटल सेवा का सफल संचालन सुनिश्चित हो गया। इस नई व्यवस्था के लागू होने के साथ ही अबजुगंज हॉल्ट मालदा मंडल का एम-यूटीएस सुविधा से लैस होने वाला 8वां हॉल्ट स्टेशन बन गया है। इस आधुनिक प्रणाली के तहत रेलवे के अधिकृत कर्मचारी स्मार्टफोन या टैबलेट और ब्लूटूथ-सक्षम प्रिंटर की मदद से स्टेशन परिसर में ही यात्रियों को तुरंत अनारक्षित टिकट जारी कर सकेंगे।

इस सेवा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यात्रियों को डिजिटल भुगतान के साथ-साथ नकद भुगतान करने का विकल्प भी मिलेगा। इससे टिकट काउंटर पर लाइन में लगने का झंझट खत्म होगा।

मालदा मंडल प्रशासन के अनुसार, अबजुगंज हॉल्ट पर एम-यूटीएस सेवा की शुरुआत यात्री सेवाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है। रेलवे आने वाले समय में मंडल के अन्य छोटे स्टेशनों और हॉल्ट स्टेशनों पर भी इस डिजिटल सुविधा का विस्तार करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर