अम्मापाली हॉल्ट पर डिजिटल टिकटिंग का आगाज, स्मार्टफोन और ब्लूटूथ प्रिंटर से मिनटों में मिलेगा टिकट
भागलपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। रेल यात्रियों को बेहतर, त्वरित और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने एक और बड़ा कदम उठाया है। डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने और यात्रियों को लंबी कतारों से राहत दिलाने के उद्देश्य से आज अम्मापाली हॉल्ट स्टेशन पर 'एम-यूटीएस' (मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग प्रणाली) सुविधा का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। यह नई डिजिटल रेल सेवा मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) मनीष कुमार गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) कार्तिक सिंह के सीधे पर्यवेक्षण में प्रारंभ की गई है।
योजना के पहले दिन अम्मापाली हॉल्ट स्टेशन पर एक वास्तविक यात्री को इस प्रणाली के माध्यम से पहला अनारक्षित टिकट जारी किया गया। पहला टिकट सफलतापूर्वक प्रिंट होने के साथ ही इस आधुनिक टिकटिंग व्यवस्था का सफल संचालन शुरू हो गया। एम-यूटीएस प्रणाली के तहत अब यात्रियों को केवल टिकट काउंटर के भरोसे नहीं रहना होगा।
स्टेशन परिसर में तैनात अधिकृत रेलकर्मी अपने पास उपलब्ध आधुनिक स्मार्टफोन या टैबलेट और पोर्टेबल ब्लूटूथ-सक्षम प्रिंटर की मदद से मौके पर ही टिकट जारी कर सकेंगे। इस व्यवस्था की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यात्री अपनी सुविधा के अनुसार डिजिटल भुगतान या फिर नकद देकर बेहद शीघ्रता से अपना टिकट प्राप्त कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि इस प्रणाली से व्यस्ततम समय और ट्रेनों के आगमन के वक्त टिकट काउंटरों पर लगने वाली लंबी कतारों में भारी कमी आएगी।
टिकट निर्गमन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और पोर्टेबल होने के कारण यात्रियों का कीमती समय बचेगा। हॉल्ट स्टेशनों पर आने वाले ग्रामीण और स्थानीय यात्रियों को अधिक सुलभ एवं प्रभावी टिकटिंग सेवा का अनुभव मिलेगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अम्मापाली हॉल्ट स्टेशन पर इस तकनीक का प्रयोग यात्रियों को तकनीक-आधारित सेवाएं देने की एक शुरुआत है।
मालदा मंडल आने वाले दिनों में चरणबद्ध तरीके से अपने अंतर्गत आने वाले अन्य छोटे स्टेशनों और हॉल्ट स्टेशनों पर भी इस एम-यूटीएस सुविधा का विस्तार करेगा, ताकि पूरे रेलखंड के यात्रियों को सहज, सुविधाजनक और डिजिटल रेल सेवाओं का लाभ मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर