दिघलबैंक एसएसबी कैंप का डीआईजी ने किया निरीक्षण, सीमा पर सतर्कता बढ़ाने का दिया निर्देश
किशनगंज, 13 जुलाई (हि.स.)। सीमांत मुख्यालय सिलीगुड़ी के उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अंगामी किरण चंद्र सिंह ने सोमवार को किशनगंज जिले के 12वीं एसएसबी बटालियन के दिघलबैंक कैंप का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने कैंप की सुरक्षा व्यवस्था, जवानों को उपलब्ध सुविधाओं तथा प्रशासनिक अभिलेखों का गहन निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने कैंप परिसर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी भाग लिया।
उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा सभी जवानों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। इस अवसर पर एसएसबी के अधिकारी एवं जवान भी उपस्थित रहे। इसके बाद डीआईजी अंगामी किरण चंद्र सिंह ने अधिकारियों एवं जवानों के साथ बैठक कर भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और गश्त को और अधिक सुदृढ़ बनाने, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने जवानों से कहा कि सीमा सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए और आपसी समन्वय के साथ निर्धारित मानकों के अनुरूप ड्यूटी का निर्वहन किया जाए।
बैठक में सीमा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा और सजगता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह