डीआईजी आशीष ने एसडीपीओ कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया
सहरसा, 25 फ़रवरी (हि.स.)।
कोसी प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) डा. कुमार आशीष बुधवार को वार्षिक निरीक्षण के तहत सिमरी बख्तियारपुर स्थित एसडीपीओ कार्यालय पहुंचे। उनके आगमन पर पुलिस पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
कार्यालय परिसर में पहुंचते ही पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड आफ आनर दिया। इस अवसर पर एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर तथा सर्किल इंस्पेक्टर मु. सुजाउद्दीन ने डीआईजी को पौधा भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद डीआईजी एसडीपीओ कार्यालय में पहुंचे।जहां अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक की।बैठक में उन्होंने थाना स्तर पर लंबित कांडों की एक-एक कर समीक्षा की और अनुसंधान में तेजी लाकर मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि गंभीर मामलों में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं होगी। वारंट एवं कुर्की-जब्ती की कार्रवाई तेज करने, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा अपराध नियंत्रण के लिए नियमित वाहन चेकिंग व गश्ती बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। डीआईजी ने रिकार्ड संधारण, कांड डायरी लेखन, लंबित अनुसंधान, शिकायतों के निष्पादन तथा थाना स्तर पर जनसुनवाई की व्यवस्था की भी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि आम लोगों की शिकायतों का त्वरित व पारदर्शी तरीके से निपटारा किया जाए, ताकि पुलिस पर जनता का भरोसा और मजबूत हो।
आगामी होली पर्व को लेकर डीआईजी ने सभी थानाध्यक्षों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने संवेदनशील व अतिसंवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने, अवैध शराब कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई करने तथा त्योहार से पूर्व शांति समिति की बैठक नियमित रूप से आयोजित करने को कहा। साथ ही इंटरनेट मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट पर नजर रखने और अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार