सेवा और सुरक्षा की मिसाल: सूचना के तीन मिनट के भीतर मौके पर पहुंची सहायक थाना ईआरवी-2 की टीम, महिला व बच्ची को दी मदद

 


कटिहार, 25 नवंबर (हि.स.)। जिले में आपातकालीन पुलिस सेवा 'डायल-112' की तत्परता और संवेदनशीलता की एक सराहनीय पहल सामने आई है। सहायक थाना क्षेत्र अंतर्गत बालूघाट के समीप बीच रास्ते में कार पंचर होने से फंसी एक महिला और उसकी छोटी बच्ची को डायल-112 की टीम ने महज तीन से पांच मिनट के भीतर मौके पर पहुंचकर न केवल सहायता प्रदान की, बल्कि वाहन ठीक करवाकर उन्हें सकुशल घर भी पहुंचाया। कटिहार पुलिस की इस मानवीय और त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों द्वारा काफी सराहना की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, एक महिला अपनी बच्ची के साथ कार से बालूघाट होकर जा रही थीं। इसी दौरान अचानक उनकी कार का टायर पंचर हो गया। सुनसान रास्ते और असहाय स्थिति को देखते हुए महिला ने तत्काल आपातकालीन नंबर डायल-112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी। सूचना मिलते ही सहायक थाना ईआरवी-2 में प्रतिनियुक्त पुलिस अवर निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, सिपाही (312) बृज मोहन कुमार एवं ईआरवी चालक नंदन कुमार यादव तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पंचर वाहन को ठीक करवाया और सुरक्षा के दृष्टिकोण से महिला व बच्ची को सकुशल उनके गंतव्य तक पहुंचाया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह