डीएम की मौजूदगी में शुरू हुआ जांच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार

 




पश्चिम चम्पारण (बगहा),2सितम्बर(हि.स.)।पश्चिम चंपारण में गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने के लिए बुधवार से विशेष स्वास्थ्य जांच अभियान शुरू हुआ।

राज्यस्तरीय कार्यक्रम के तहत पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘जांच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान का शुभारंभ किया। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। इसका लाइव प्रसारण लौरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। इस दौरान जिले के स्वास्थ्य अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने अभियान की शुरुआत से जुड़ी जानकारी ली।

लौरिया सीएचसी में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी तरनजोत सिंह, राजद एमएलसी ई. सौरव कुमार, सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार, एनसीडीओ मुर्तजा अंसारी और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोशन कुमार समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।

अभियान के तहत 2 सितंबर से 30 नवंबर तक 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की घर-घर स्क्रीनिंग की जायेगी। आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्तर पर भी जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। स्क्रीनिंग के दौरान मधुमेह, उच्च रक्तचाप, सामान्य कैंसर, हृदय रोग, सांस व फेफड़ों की बीमारी तथा फैटी लिवर जैसी बीमारियों की पहचान की जाएगी। जांच में बीमारी की पुष्टि होने पर मरीज को उपचार से जोड़ा जाएगा और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जायेंगी।

इसी क्रम में एनीमिया मुक्त बिहार अभियान के तहत बच्चों, किशोरियों, गर्भवती और धात्री महिलाओं की हीमोग्लोबिन जांच को प्राथमिकता दी जाएगी। एनीमिया मिलने पर दवा के साथ पोषण संबंधी सलाह दी जाएगी। गंभीर स्थिति वाले मरीजों को बेहतर इलाज के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जाएगा।

कार्यक्रम में डॉ. दिलीप कुमार, डॉ जितेंद्र काजी,डॉ.आई. हक,डॉ. विजय कुमार गुप्ता, डॉ. दरोगा प्रसाद,अस्पताल प्रबंधक राहुल कुमार,अमित प्रकाश,संत भास्कर और बीसीएम रीना मोदी समेत स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी