बक्सर में ईटाढ़ी रेल गुमटी खोलने की मांग पर कांग्रेस का रेल चक्का जाम
बक्सर , 07 अगस्त (हि.स.)। जिले में ईटाढ़ी रेल गुमटी को पुनः खोलने और क्षतिग्रस्त रेल ओवरब्रिज (आरओबी) की मरम्मत की मांग को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस ने जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय के नेतृत्व में रेल चक्का जाम किया।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ता सुबह रेलवे ट्रैक पर उतर गए और करीब 11:45 बजे से 12:10 बजे तक रेल परिचालन बाधित रहा। इस दौरान रेलवे और स्थानीय प्रशासन के बीच काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बाद में पुलिस ने पंकज उपाध्याय सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर ट्रैक खाली कराया।
रेल चक्का जाम के कारण 20802 डाउन, 15657 डाउन और 63234 डाउन ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि ईटाढ़ी रेल गुमटी बंद होने और नवनिर्मित आरओबी में तकनीकी खराबी आने के बाद ईटाढ़ी, दिनारा व आसपास के क्षेत्रों का आवागमन गंभीर रूप से प्रभावित हो गया है। लोगों को पांडेपट्टी गुमटी के संकरे एकमात्र मार्ग से आवाजाही करनी पड़ रही है, जिससे प्रतिदिन जाम और असुविधा की स्थिति बनी रहती है।
उल्लेखनीय है कि इसी मांग को लेकर पिछले कई दिनों से विपक्षी दलों द्वारा आंदोलन चलाया जा रहा है। इससे पहले राजद भी इसी मुद्दे पर रेल चक्का जाम कर चुका है। वहीं, दानापुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) की ओर से जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि उच्च रेलवे अधिकारियों की स्वीकृति या आदेश के बिना ईटाढ़ी रेल गुमटी को दोबारा खोलना संभव नहीं है। इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है और विभिन्न राजनीतिक दल इस मुद्दे को लेकर सरकार एवं रेलवे प्रशासन पर दबाव बना रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन ने कहा कि बक्सर-ईटाढ़ी रेल गुमटी खोलने और क्षतिग्रस्त रेल ओवरब्रिज की मरम्मत की जनहित मांग को लेकर शांतिपूर्ण रेल चक्का जाम कर रहे कांग्रेस नेताओं व संयुक्त संघर्ष समिति के सदस्यों को हिरासत में लेना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने कहा कि तीन माह से रेल एवं जिला प्रशासन से लगातार मांग की जा रही है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कांग्रेस ने जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय समेत हिरासत में लिए गए सभी नेताओं की तत्काल रिहाई, रेल गुमटी खोलने और आरओबी की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra