दूसरे दिन भी जारी रहा सिविल कोर्ट के वकीलों का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन

 


अररिया, 06 जून(हि.स.)।

फारबिसगंज सिविल कोर्ट के वकीलों का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन दूसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा।धरना प्रदर्शन में वकीलों के दोनों संघ अधिवक्ता संघ और बार एसोसिएशन के वकील शामिल रहे।

फारबिसगंज सिविल कोर्ट के वकील 30 करोड रूपये की लागत से बने नए न्यायालय भवन में क्रिमिनल कोर्ट के कार्यारंभ की मांग के साथ अन्य मांग पर शुक्रवार से ही धरना प्रदर्शन पर हैं।

धरना पर बैठे अधिवक्ताओं का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित नए न्यायालय भवन में आवश्यक न्यायिक सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद अब तक क्रिमिनल कोर्ट का संचालन प्रारंभ नहीं किया गया है, जिससे अधिवक्ताओं, वादियों एवं आम नागरिकों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

अधिवक्ताओं ने मांग की कि नए न्यायालय भवन में अविलंब क्रिमिनल कोर्ट का शुभारंभ एवं नियमित कार्यारंभ किया जाए, ताकि न्यायिक कार्यों का सुचारु संचालन हो सके और क्षेत्र के लोगों को बेहतर न्यायिक सुविधाएं प्राप्त हों।

धरना-प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि जब तक उनकी न्यायोचित मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

इस अवसर पर बार एसोसिएशन एवं अधिवक्ता संघ के अधिवक्ता सहित न्यायार्थी धरना प्रदर्शन में शामिल होकर आंदोलन को अपना समर्थन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर