विधायक पुत्र की मौत के मामले सहित कई अनियमिताओं को लेकर धर्मशीला अस्पताल सील
नवादा,05 सितंबर (हि.स.)। विधायक विभा देवी तथा पूर्व राज्य मंत्री राजवल्लभ यादव के पुत्र अखिलेश की लापरवाही से मौत सहित कई अनियमितताओं को लेकर नवादा के केन्दुआ स्थित धर्मशीला देवी मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल शनिवार को शील कर दिया गया है।
जदयूू विधायक विभा देवी के बेटे अखिलेश कुमार की मौत के मामले में गठित जांच समिति की रिपोर्ट में अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों को जिम्मेदार ठहराये जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल का निबंधन रद्द कर दिया था। निबंधन रद्द होने के बाद अस्पताल को सील करने का आदेश जारी किया गया, जिसके बाद शनिवार को प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में अस्पताल को सीलकर दिया गया।
डीएम रवि प्रकाश के आदेश और सिविल सर्जन डॉ बिनोद कुमार चौधरी के निर्देश पर डॉक्टरों की टीम और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में अस्पताल सील किया गया। डीएम के आदेश पर सदर प्रखंड के बीडीओ दुनियालाल यादव को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया था। आदेश में 48 घंटे के भीतर अस्पताल को शांतिपूर्ण तरीके से सील करने का निर्देश दिया गया था।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सदर अस्पताल की तीन सदस्यीय मेडिकल टीम ने कार्रवाई पूरी की. टीम में डॉ. आफताब कलीम, डॉ. अमित कुमार और डॉ. नीतेश रवि शामिल थे. सीलबंदी के दौरान पर्याप्त पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मी भी तैनात रहीं। अस्पताल सील करने से पहले परिसर को पूरी तरह खाली कराया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन