धान क्रय केंद्र का जिला अंकेक्षण पदाधिकारी ने किया निरीक्षण

 


बक्सर, 23 दिसंबर (हि.स.)।

जिले के इटाढ़ी प्रखंड अंतर्गत हरपुर जलवासी पैक्स में मंगलवार को धान क्रय केंद्र की जांच की गई। जांच के दौरान अधिकारियों ने केंद्र पर हो रही धान खरीद की स्थिति का जायजा लिया और किसानों से सीधे बातचीत कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। इस क्रम में किसान अभिषेक कुमार से धान बिक्री, तौल और भुगतान प्रक्रिया के संबंध में पूछताछ की गई।

जिला अंकेक्षण पदाधिकारी पवन कुमार भारती ने बताया कि सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार धान की खरीद सुनिश्चित की जा रही है। किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पैक्स प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने गोदाम में उपलब्ध नमी मापक यंत्र सहित अन्य आवश्यक संसाधनों का भी निरीक्षण किया और उनकी कार्यशीलता की जांच की।

पैक्स अध्यक्ष संजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि क्रय केंद्र पर किसानों से नियमित रूप से धान की खरीद की जा रही है। धान की गुणवत्ता की जांच के बाद तौल कर उसे गोदाम में सुरक्षित रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को धान बिक्री के 48 घंटे के भीतर भुगतान किया जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक सुविधा मिल रही है। जांच के दौरान क्रय केंद्र की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा