देवीपट्टी गांव में स्वच्छता अभियान के कार्यों का डीडीसी ने किया निरीक्षण
सुपौल, 01 अक्टूबर (हि.स.)। उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार ने गुरुवार को दिनापट्टी पंचायत के देवीपट्टी गांव का स्थलीय भ्रमण कर स्वच्छता अभियान के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत में संचालित कायाकल्प अभियान की प्रगति की समीक्षा की और विभिन्न योजनाओं की वर्तमान स्थिति एवं क्रियान्वयन का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने पंचायत में खुले में शौच से मुक्ति के स्थायित्व, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और तरल अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं का स्थल पर सत्यापन किया। उन्होंने पंचायत में स्वच्छता व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और संचालित स्वच्छता गतिविधियों की प्रगति का अवलोकन कर संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपशिष्ट प्रबंधन इकाई के निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने कचरे को व्यवस्थित तरीके से रखने और उसके उचित निष्पादन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि केवल कचरा संग्रहण तक सीमित रहने के बजाय उसके उचित पृथक्करण, प्रबंधन और निष्पादन की व्यवस्था को प्रभावी बनाना जरूरी है। इससे पंचायत में स्वच्छता व्यवस्था को स्थायी रूप से बनाए रखने में मदद मिलेगी।
भ्रमण के दौरान उप विकास आयुक्त ने देवीपट्टी स्थित विद्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्था का जायजा लेने के साथ गांव में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की। संबंधित पदाधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
उप विकास आयुक्त ने पंचायत में स्वच्छता व्यवस्था को निरंतर एवं प्रभावी बनाए रखने तथा पंचायत को निर्धारित स्वच्छता मानकों के अनुरूप बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने आम लोगों को स्वच्छता सेवाओं के प्रति जागरूक करने और नियमित रूप से उपयोगकर्ता शुल्क का भुगतान करने के लिए प्रेरित करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि कचरा संग्रहण और अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था को निरंतर संचालित रखने के लिए आम लोगों की सहभागिता और सहयोग आवश्यक है। भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें गांव को साफ-सुथरा रखने, खुले में कचरा नहीं फेंकने तथा स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि सामुदायिक सहभागिता से ही गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के अभियान को स्थायी रूप से सफल बनाया जा सकता है।
मौके पर निदेशक आशुतोष कुमार, जिला समन्वयक सोनम कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी अमरेंद्र पंडित सहित संबंधित पदाधिकारी, कर्मी एवं अन्य उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र