नगर निगम को विकास कार्यों के लिए मिले 3.90 करोड़ रुपये, संवरेंगे पार्क, घाट और जलाशय

 




भागलपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। सिल्क सिटी के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शहरी विकास एवं आवास विभाग की ओर से भागलपुर नगर निगम को विकास कार्यों के लिए 3 करोड़ 90 लाख 39 हजार 57 रुपये की अनुदान राशि आवंटित की गई है। इस नई वित्तीय सहायता से शहर की लंबित आधारभूत योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है।

विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, इस राशि का उपयोग शहर की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए नालों की चौड़ाई बढ़ाने में किया जाएगा। इसके अलावा शहर की जर्जर सड़कों के जीर्णोद्धार तथा नई एवं गुणवत्तापूर्ण सड़कों के निर्माण पर भी यह फंड खर्च होगा। बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ शहर के सौंदर्यीकरण और पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। आवंटित अनुदान राशि से स्थानीय पार्कों, गंगा घाटों और सार्वजनिक जलाशयों का निर्माण एवं विकास कार्य कराया जाएगा।

इससे पहले भी नगर निगम को विभिन्न मदों में विकास राशि मिल चुकी है, लेकिन योजनाओं के क्रियान्वयन की धीमी रफ्तार को लेकर सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में विभागीय अधिकारियों ने इस बार प्राप्त हुई अनुदान राशि से जुड़ी योजनाओं को पारदर्शिता के साथ जल्द से जल्द धरातल पर उतारने के सख्त निर्देश दिए हैं, ताकि आम नागरिकों को इसका सीधा लाभ मिल सके। अनुदान जारी करने के साथ ही विभाग के संयुक्त सचिव ने राशि के उपयोग को लेकर सख्त दिशानिर्देश भी जारी किए हैं।

आदेश के अनुसार, नगर निगम इस फंड को केवल विभाग द्वारा स्वीकृत योजनाओं पर ही खर्च कर सकेगा। किसी भी परिस्थिति में इस राशि का विचलन नहीं किया जा सकेगा और न ही इसे किसी अन्य मद में खर्च करने की अनुमति होगी। अधिकारियों और स्थानीय लोगों का मानना है कि राशि मिलने के बाद अब नगर निगम के सामने सबसे बड़ी चुनौती इन योजनाओं को समय पर धरातल पर उतारने की है। वर्तमान में शहर में सड़क और नालों से जुड़ी अधिकांश बड़ी योजनाओं का क्रियान्वयन बुडको द्वारा किया जा रहा है। इससे पहले हाल ही में छठ घाटों की व्यवस्था सुधारने के लिए भी निगम को 20 लाख रुपये मिले थे, लेकिन काम की गति को लेकर सवाल उठे थे। ऐसे में इस नए अनुदान से होने वाले कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर शहरवासियों की नजर रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर