जलालपुर में भाजपा का मीडिया संवाद कार्यक्रम में मोदी सरकार के 12 वर्षों के विकास कार्यों पर हुआ चर्चा

 


सारण, 13 जून (हि.स.)। जलालपुर भारतीय जनता पार्टी सारण पश्चिमी के तत्वावधान में मोदी सरकार के 12 वर्षों के सफल कार्यकाल को लेकर एक विशेष मीडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जलालपुर प्रखंड के हरपुर शिवाला मंदिर प्रांगण में स्थित किसान भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में सरकार की उपलब्धियों और भविष्य के विजन पर चर्चा हुई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बक्सर के विधायक आनंद मिश्रा, एमएलसी सच्चिदानंद राय और महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सारण पश्चिम के जिला अध्यक्ष उमेश तिवारी ने की।

मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए बक्सर के विधायक आनंद मिश्रा ने सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न लोक-कल्याणकारी और विकास योजनाओं का उद्देश्य केवल बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराना नहीं है, बल्कि देश के अंतिम पायदान पर खड़े नागरिक का वास्तविक सशक्तिकरण करना है। विधायक ने जोर देकर कहा कि आज एक फ्यूचरिस्टिक वर्ल्ड की मजबूत नींव रखी जा रही है, जिसमें आने वाले समय में वैश्विक पटल पर भारत का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण और शीर्ष पर होने वाला है।

कार्यक्रम में मौजूद एमएलसी सच्चिदानंद राय ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत ने विकास के कई नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि जनता और सरकार के बीच संवाद की इस कड़ी को और अधिक मजबूत किया जाएगा। इससे सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाएं बिना किसी भ्रम और बिचौलियों के सीधे हर जरूरतमंद नागरिक तक पहुंच सकेंगी।

महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को देश के इतिहास में बेमिसाल और ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने समाज के हर वर्ग, विशेषकर सुदूर गांवों, किसानों, शोषितों और गरीबों के उत्थान के लिए अभूतपूर्व फैसले लिए हैं। आज देश के हर कोने और हर घर तक बिजली और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य सड़कों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सुदृढ़ और आत्मनिर्भर बनाया गया है। प्रधानमंत्री का एकमात्र संकल्प भारत को एक विकसित और समृद्ध राष्ट्र बनाना है। इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार