सड़क हादसे में विकास मित्र की मौत

 


दरभंगा , 12 सितंबर (हि.स.)। दरभंगा जिला अंतर्गत मनीगाछी थाना क्षेत्र के टटुआर पंचायत के विकास मित्र राम किशोर राम की शुक्रवार देर शाम सड़क दुर्घटना में मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव जगरनाथपुर स्थित घर पहुंचते ही वृद्ध मां जीबछी देवी, पत्नी कल्पना देवी और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

बताया गया कि राम किशोर राम वर्ष 2010 से विकास मित्र के पद पर कार्यरत थे। शुक्रवार शाम वे अपने मित्र महावीर ठाकुर के साथ कपड़े की खरीदारी के लिए सरिसब पाही बाजार गए थे। इसी दौरान एक ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद राम किशोर बाइक समेत ट्रक में फंस गए और करीब 20-25 फीट तक सड़क पर घिसटते चले गए। हादसे में उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। साथ रहे महावीर ठाकुर सड़क किनारे गिरकर घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही मनीगाछी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और संबंधित थाने को सूचना दी। पंडौल थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेजा।

राम किशोर राम अपने पीछे पत्नी, करीब 70 वर्षीय वृद्ध मां और दो मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी पांच वर्षीय पुत्री अनुष्का भारती और तीन वर्षीय पुत्र अभियंक कुमार अभी पूरी तरह परिवार पर निर्भर हैं। अचानक हुई मौत से परिवार के सामने आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

शनिवार को बीडीओ संदीप कुमार पाण्डेय एवं प्रखंड कल्याण पदाधिकारी प्रिंस कुमार झा ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। बीडीओ ने बताया कि आपदा विभाग से चार लाख रुपये तथा एससी-एसटी कल्याण विभाग से चार लाख रुपये, कुल आठ लाख रुपये की सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विधवा को अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए भी प्रस्ताव भेजा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra