जनभागीदारी, नवाचार और आधुनिक तकनीक से विकसित भारत का सपना होगा साकार: संजय सरावगी
पटना, 25 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने रविवार को अटल सभागार, बिहार भाजपा कार्यालय में बूथ संख्या 397 पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें संस्करण को सुना। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए जनकल्याण, राष्ट्रसेवा, स्वच्छता, स्वदेशी और जनभागीदारी से जुड़े विचारों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
मन की बात सुनने के बाद प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘मन की बात’ के माध्यम से देश के नागरिकों को सकारात्मक कार्यों, सामाजिक जिम्मेदारियों और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं। यह कार्यक्रम देश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे नवाचारों, जनकल्याणकारी प्रयासों और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम बन चुका है।
संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री द्वारा बिहार के पूर्णिया के मखाना के यूरोपीय देश ग्रीस तक पहुंचने का उल्लेख किए जाने पर उनके प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बिहार के सीमांचल क्षेत्र में उत्पादित मखाना आज अपनी गुणवत्ता और बढ़ती अंतरराष्ट्रीय मांग के कारण वैश्विक बाजार में पहचान बना रहा है। यह बिहार के किसानों की मेहनत और प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान की सफलता का महत्वपूर्ण उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने, बेहतर पैकेजिंग और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बनाने से किसानों, उद्यमियों और छोटे कारोबारियों के लिए नए अवसर खुल रहे हैं। प्रधानमंत्री का यह संदेश बिहार के कृषि उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में उत्साह बढ़ाने वाला है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री ने दीपावली और महापर्व छठ सहित आगामी त्योहारों के संदर्भ में स्वच्छता के महत्व को रेखांकित किया है। छठ बिहार की आस्था, लोकपरंपरा और प्रकृति के प्रति सम्मान का महापर्व है। ऐसे में घाटों, तालाबों, नदियों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान को केवल त्योहारों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। जल स्रोतों की रक्षा और अपने परिवेश को स्वच्छ रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने दीपावली पर स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्यमियों द्वारा निर्मित उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की है। ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ रोजगार सृजन और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को गति देती है। उन्होंने लोगों से स्थानीय उत्पादों को अपनाने और स्वदेशी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ‘मन की बात’ में अंगदान के प्रति जागरूकता, ई-संजीवनी, विज्ञान एवं अनुसंधान, ब्रेन रिसर्च, नवाचार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर चर्चा समाज को नई दिशा देती है। इन क्षेत्रों में जागरूकता और जनभागीदारी से देश की विकास यात्रा को नई गति मिल सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त