विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम 2026 को लेकर जिला स्तरीय पंच सम्मेलन आयोजित
सुपौल, 11 अगस्त (हि.स.)। ग्रामीण विकास विभाग, बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित नगर भवन (टाउन हॉल), सुपौल में विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम 2025 के प्रति जागरूकता को लेकर जिला स्तरीय पंच सम्मेलन का आयोजन किया गया।
सम्मेलन में त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ संबंधित प्रखंड एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी व कर्मियों ने भाग लिया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम 2025 के प्रावधानों, उद्देश्यों एवं क्रियान्वयन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों को देना था।
इस दौरान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में पंचायती राज संस्थाओं की भूमिका, स्थानीय स्तर पर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय तथा जनभागीदारी के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई।
सम्मेलन में जिला परिषद के सदस्यों ने अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में योजना के उद्देश्यों एवं प्रावधानों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने से जुड़े मुद्दे उठाए।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि योजना को धरातल पर प्रभावी बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर समन्वय और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। ग्राम पंचायत स्तर के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार, सुझाव एवं अनुभव साझा किए।
उन्होंने पंचायत स्तर पर योजना के क्रियान्वयन, ग्रामीणों को इसकी जानकारी उपलब्ध कराने तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का समुचित लाभ दिलाने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर प्रकाश डाला। इस दौरान जमीनी स्तर पर योजना के क्रियान्वयन में सामने आने वाली आवश्यकताओं एवं चुनौतियों से भी संबंधित पदाधिकारियों को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष कमला देवी, उपाध्यक्ष शमशेर आलम, उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार , जिला पंचायती राज पदाधिकारी गयानंद यादव, निदेशक एनईपी अनित कुमार, निदेशक लेखा प्रशासन, डीआरडीए आशुतोष कुमार तथा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, विकसित भारत-जी राम जी कृष्णकांत सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी, कर्मी एवं निर्वाचित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र