दियारा क्षेत्र में फसलों की तबाही, किसानों को मुआवजे आस

 


भागलपुर, 22 मार्च (हि.स.)। जिले के पीरपैंती प्रखंड क्षेत्र के दियरा क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। अचानक बदले मौसम ने किसानों की मेहनत पर पानी फेरते हुए उनकी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है।

बताया जा रहा है कि दियारा क्षेत्र में लगभग 30 से 40 प्रतिशत तक मक्का और गेहूं की फसल बर्बाद हो गई है। इस आपदा का सबसे ज्यादा असर बाबूपुर, बाखरपुर, गोविंदपुर, परशुरामपुर, खवासपुर, एकचारी और रानी दियारा सहित आसपास के कई गांवों में देखने को मिला है। तेज हवाओं के साथ आई आंधी ने खेतों में खड़ी मक्का की फसल को पूरी तरह गिरा दिया, जिससे फसल बर्बादी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। किसानों ने बताया कि मक्का की फसल इस समय झंडा और मोचा निकलने की महत्वपूर्ण अवस्था में थी।

ऐसे समय में आई इस आंधी और बारिश ने उनकी महीनों की मेहनत को पल भर में बर्बाद कर दिया। स्थानीय किसानों का कहना है कि इस नुकसान से उनकी आर्थिक स्थिति पर गहरा असर पड़ेगा, क्योंकि इस फसल पर ही उनकी आजीविका निर्भर थी। कई किसानों ने कर्ज लेकर खेती की थी, ऐसे में फसल बर्बाद होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

हालांकि, इस बारिश का कुछ सकारात्मक प्रभाव भी देखने को मिला है। जिन क्षेत्रों में फसलों को पानी की कमी का सामना करना पड़ रहा था, वहां बारिश का पानी फायदेमंद साबित हुआ है। लेकिन यह राहत सीमित है, क्योंकि अधिकांश किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है। घटना के बाद प्रभावित किसान प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे हैं। किसानों ने सरकार और जिला प्रशासन से जल्द से जल्द नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की अपील की है, ताकि उन्हें इस संकट से राहत मिल सके फिलहाल, क्षेत्र में नुकसान का आकलन जारी है और किसान प्रशासन की ओर से राहत की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर