सारण के सहयोग शिविर में उपमुख्यमंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं

 






सारण, 02 जून (हि.स.)।

जिले के आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध निवारण के उद्देश्य से जिले के सभी प्रखंडों की दो-दो पंचायतों कुल 40 पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सह सारण जिले के प्रभारी मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने जिले की तीन विभिन्न पंचायतों में आयोजित शिविरों का खुद औचक निरीक्षण किया और आमजन से सीधा संवाद स्थापित किया। उपमुख्यमंत्री ने सोनपुर प्रखंड की नयागांव पंचायत, दिघवारा प्रखंड की आमी पंचायत और गड़खा प्रखंड की फेरुसा पंचायत में आयोजित शिविरों में शिरकत की।

शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार आम नागरिकों को उनकी समस्याओं के समाधान हेतु सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने से मुक्ति दिलाना चाहती है। इसी उद्देश्य से अब पंचायत स्तर पर ही सहयोग शिविरों का आयोजन हर महीने के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को किया जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने प्रशासनिक अधिकारियों को कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट किया कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों और आवेदनों का निष्पादन एक तय समय-सीमा के भीतर करना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा सभी आवेदनों के निराकरण के लिए 30 दिनों की अधिकतम समय-सीमा निर्धारित की गई है। इस तय अवधि के भीतर समस्याओं का समाधान हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा।

समय-सीमा का अनुपालन नहीं करने वाले और इसमें कोताही बरतने वाले पदाधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

उपमुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि वे इस कल्याणकारी पहल का बढ़-चढ़कर लाभ उठाएं। उन्होंने एक और महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि भौतिक रूप से शिविर में आवेदन देने के अलावा नागरिक अब घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से भी अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा sahyog.bihar.gov.in पोर्टल विकसित किया गया है। इस पोर्टल के जरिए न सिर्फ शिकायत दर्ज की जा सकती है, बल्कि आवेदन की अद्यतन स्थिति की भी आसानी से निगरानी की जा सकती है।

शिविरों में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पंचायती राज, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आपूर्ति, ग्रामीण विकास, विद्युत और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण सहित तमाम प्रमुख विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। नागरिकों की शिकायतों को अधिकारियों द्वारा मौके पर ही सुना गया और कई मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन भी किया गया।

शिविर के दौरान पूर्व में प्राप्त और निष्पादित हो चुके आवेदनों के लाभार्थियों को विभिन्न सेवाओं का लाभ सौंपा गया। उपमुख्यमंत्री

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार