हॉकी के दोनों वर्गों में देवरिया का दबदबा, बालक व बालिका टीम ने जीती विजेता ट्रॉफी

 


सीवान, 19 जून (हि.स.)। जिले के मैरवा रानी लक्ष्मी बाई स्पोर्ट्स एकेडमी द्वारा हरिराम उच्च विद्यालय, मैरवा के खेल मैदान में आयोजित दस दिवसीय हॉकी समर कैंप का समापन शुक्रवार को बालक एवं बालिका वर्ग की प्रतियोगिताओं के साथ हुआ।

प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की बालक एवं बालिका टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों वर्गों की विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली। एकेडमी के संस्थापक सह निदेशक संजय पाठक ने बताया कि 10 जून से 19 जून तक आयोजित समर कैंप में कोच अनुराग यादव के निर्देशन में मैरवा के लगभग तीन दर्जन बालक एवं बालिका खिलाड़ियों को हॉकी का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण प्राप्त खिलाड़ियों की दक्षता परखने के लिए देवरिया की टीमों के साथ एक दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

बालिका वर्ग में देवरिया और रानी लक्ष्मी बाई स्पोर्ट्स एकेडमी के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। मैच के अंतिम क्षणों में देवरिया की खिलाड़ी खुशबू ने निर्णायक गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई, जो अंत तक कायम रही।

वहीं बालक वर्ग के मुकाबले में भी लंबे समय तक दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष चला। मैच के अंतिम क्षणों में देवरिया के स्ट्राइकर गुरु कुशवाहा और सौरभ तिवारी ने एक-एक गोल कर अपनी टीम को 2-0 की निर्णायक बढ़त दिला दी। यह बढ़त अंत तक बरकरार रही और देवरिया की टीम विजेता बनी।

प्रतियोगिता का उद्घाटन हॉकी इंडिया की ए-लेवल कोच सलमा खातून ने हॉकी स्टिक से गेंद खेलकर किया। मैच में आयुष्मान राज शांडिल्य और आशीष राज शांडिल्य ने रेफरी की भूमिका निभाई, जबकि मुख्य रेफरी की जिम्मेदारी अनुराग यादव ने संभाली।

समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों को संजय पाठक, हॉकी के एनआईएस कोच शकील अहमद, सलमा खातून एवं विवेक कुमार सिंह ने ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं दर्शक उपस्थित रहे। खिलाड़ियों के उत्साह और शानदार खेल प्रदर्शन ने प्रतियोगिता को यादगार बना दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma