बिजली आपूर्ति और फायर प्रमाण पत्र की अवधि बढ़ाने की मांग, समाधान का मिला भरोसा

 


किशनगंज, 20 सितंबर (हि.स.)। जिला उद्योग केंद्र के सभागार में बिहार राज्य उद्यमी एवं व्यवसायी आयोग के सदस्य गणेश साव की अध्यक्षता में रविवार काे उद्यमी वार्ता का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के निवेशकों, उद्यमियों और व्यवसायियों ने उद्योग स्थापना एवं व्यापार संचालन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से रखा। इस दौरान उद्योग विभाग के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

वार्ता में उद्यमियों ने सबसे प्रमुख रूप से बिजली आपूर्ति की समस्या उठाई। उन्होंने कहा कि उद्योग एवं व्यवसाय के सुचारु संचालन के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति जरूरी है। बिजली कटौती और आपूर्ति से जुड़ी अन्य समस्याओं के कारण कारोबार प्रभावित होता है। इस पर आयोग के सदस्य गणेश साव ने कहा कि उद्यमियों की बिजली संबंधी समस्याओं को उच्च स्तर पर रखा जाएगा। उन्होंने समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

बैठक में उद्योग स्थापना के लिए आवश्यक अग्निशमन प्रमाण पत्र की वैधता अवधि का मुद्दा भी उठाया गया। उद्यमियों ने बताया कि वर्तमान में फायर प्रमाण पत्र एक वर्ष की अवधि के लिए जारी किया जाता है। उन्होंने इसकी वैधता अवधि बढ़ाकर पांच वर्ष करने की मांग आयोग के सदस्य के समक्ष रखी। इस पर गणेश साव ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए नियमानुसार समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया। उद्यमियों ने कहा कि इस तरह की संवादात्मक बैठक से उद्योग एवं व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं को सीधे विभाग और आयोग के समक्ष रखने का अवसर मिलता है। इससे जिले में निवेश और नए उद्योगों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय कारोबारियों का मनोबल भी बढ़ेगा। कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सचिन कुमार सहित विभागीय पदाधिकारी, निवेशक, उद्यमी और जिले के कई व्यवसायी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह