भूतनाथ मंदिर जाने वाले कांवरियों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग, वीर शिवाजी सेना ने दिया ज्ञापन

 


किशनगंज, 31 जुलाई (हि.स.)। श्रावण माह में बेलवा नदी से जल भरकर पूरब पाली स्थित भूतनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंचने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग को लेकर वीर शिवाजी सेना-राष्ट्रसेवी संगठन ने अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अनिकेत कुमार को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने प्रशासन से मेला शुरू होने से पहले आवश्यक सुरक्षा और आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।

संगठन की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि प्रत्येक वर्ष श्रावणी मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु बेलवा नदी से जल लेकर पैदल भूतनाथ मंदिर तक पहुंचते हैं। इस दौरान नदी में अत्यधिक भीड़ होने से डूबने की आशंका बनी रहती है, वहीं मेला मार्ग पर वाहनों की आवाजाही और अव्यवस्थित यातायात के कारण सड़क दुर्घटनाओं का भी खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में समय रहते सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक इंतजाम किए जाना जरूरी है।

ज्ञापन में प्रशासन के समक्ष चार प्रमुख मांगें रखी गई हैं। पहली मांग के तहत बेलवा नदी के घाटों तथा गहरे पानी वाले स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराने की मांग की गई है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से जल भर सकें और किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। दूसरी मांग में नदी किनारे एसडीआरएफ की टीम और प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके। इसके अलावा संगठन ने मेला मार्ग की मरम्मत, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा 24 घंटे एम्बुलेंस एवं प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की है।

चौथी मांग के तहत पैदल चलने वाले कांवरियों और अन्य श्रद्धालुओं के लिए अलग रूट निर्धारित करने की बात कही गई है, ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन मिल सके। शुक्रवार को वीर शिवाजी सेना के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रशासन यदि समय रहते इन व्यवस्थाओं को लागू करता है तो श्रावणी मेले के दौरान होने वाली संभावित दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा और श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकेंगे। संगठन ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक कदम उठाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह