हलीम चौक श्मशान घाट में शेड निर्माण की मांग, नगर परिषद अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन

 


किशनगंज, 08 अगस्त (के.स.)।

नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 19 स्थित हलीम चौक श्मशान घाट में शेड निर्माण कराने की मांग को लेकर स्थानीय निवासी चंद्र किशोर राम ने शनिवार को नगर परिषद अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा है।

ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने अंतिम संस्कार के दौरान आने वाले मृतक के परिजनों एवं संबंधियों को होने वाली परेशानी से अवगत कराते हुए जल्द से जल्द शेड निर्माण कराने की मांग की है।

चंद्र किशोर राम ने बताया कि हलीम चौक स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार के लिए आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। वर्तमान में घाट परिसर में बारिश और धूप से बचाव के लिए पर्याप्त शेड की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में बारिश के दौरान अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले मृतक के परिजनों और रिश्तेदारों को खुले में खड़ा रहना पड़ता है। इससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ज्ञापन में कहा गया है कि बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। अचानक बारिश होने पर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया प्रभावित होने के साथ लोगों को भीगने की मजबूरी होती है। वहीं, तेज धूप के दौरान भी लोगों को काफी देर तक खुले में रहना पड़ता है। श्मशान घाट पर शेड नहीं होने के कारण विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज से आने वाले लोगों को परेशानी होती है। चंद्र किशोर राम ने नगर परिषद अध्यक्ष से जनहित को ध्यान में रखते हुए वार्ड संख्या 19 के हलीम चौक श्मशान घाट में शीघ्र शेड का निर्माण कराने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि शेड बनने से अंतिम संस्कार में आने वाले लोगों को बारिश और धूप दोनों से राहत मिलेगी तथा घाट पर मूलभूत सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

स्थानीय लोगों ने भी नगर परिषद से इस मांग पर शीघ्र पहल करने की अपेक्षा जताई है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह