डीएन सिंह रोड से नया यूनिपोल हटाने की मांग तेज, नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

 

भागलपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक मार्गों में शुमार डीएन सिंह रोड पर लगाए गए नए यूनिपोल को हटाने की मांग तेज हो गई है। जन शिकायत केंद्र संगठन के उपाध्यक्ष शुभम सिंघल ने बुधवार को नगर आयुक्त को एक ज्ञापन सौंपकर इस यूनिपोल को अविलंब हटाने का आग्रह किया है।

ज्ञापन के माध्यम से नगर आयुक्त का ध्यान आकर्षित कराते हुए कहा गया है कि डीएन सिंह रोड पहले से ही काफी संकरी और व्यस्त सड़क है। इस मार्ग पर दिनभर खरीदारों और वाहनों का भारी दबाव रहता है। ऐसे में सड़क किनारे या फुटपाथ के समीप नया यूनिपोल लगाए जाने से यातायात व्यवस्था बुरी तरह बाधित होने की आशंका है। इससे न केवल जाम की समस्या बढ़ेगी, बल्कि पैदल चलने वाले राहगीरों की सुरक्षा को भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।

यूनिपोल लगाए जाने को लेकर स्थानीय दुकानदारों और व्यवसायियों में भी खासा विरोध देखा जा रहा है। दुकानदारों का कहना है कि एक ओर सड़क की चौड़ाई कम है और दूसरी ओर इस तरह के बड़े ढांचे खड़े करने से आवागमन के साथ-साथ कारोबार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। संगठन और स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डीएन सिंह रोड से इस यूनिपोल को जल्द से जल्द हटाने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर