निर्माण मजदूर यूनियन के 7वें राज्य सम्मेलन में शामिल हाेंगे भागलपुर के प्रतिनिधिमंडल
भागलपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। बिहार राज्य निर्माण मजदूर यूनियन (ऐक्टू) के 7वें राज्य सम्मेलन में शामिल होने के लिए शुक्रवार को भागलपुर से 15 मजदूर प्रतिनिधियों का जत्था पूर्वी चम्पारण के मोतिहारी रवाना हुआ। यह राज्य सम्मेलन शनिवार, 28 नवम्बर 2026 को मोतिहारी में आयोजित किया जा रहा है। जत्थे का नेतृत्व यूनियन के राज्य सह जिला सचिव मुकेश मुक्त कर रहे हैं।
भागलपुर रेलवे स्टेशन से प्रस्थान करने से पूर्व राज्य सह जिला सचिव मुकेश मुक्त ने कहा कि यह सम्मेलन गरीबों-मजदूरों को वोट के अधिकार से वंचित करने वाले एसआईआर, मजदूर विरोधी चार लेबर कोड्स, सामाजिक सुरक्षा व निबंधन में व्याप्त भ्रष्टाचार और श्रम विभाग के अधिकारियों की मनमानी के खिलाफ आयोजित हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ चार लेबर कोड्स लागू कर मजदूरों के अधिकारों व सामाजिक सुरक्षा में कटौती की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ एसआईआर की जटिल प्रक्रिया व शर्तों के जरिए बड़े पैमाने पर वोटर लिस्ट से गरीबों और मजदूरों के नाम काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में मजदूर अधिकारों पर बढ़ते हमले और एसआईआर के खिलाफ बड़े आंदोलन की योजना बनाई जाएगी।
यूनियन नेता ने बताया कि राज्य सम्मेलन का उद्घाटन खेग्रामस के राष्ट्रीय महासचिव धीरेंद्र झा करेंगे, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में भाकपा (माले) के पूर्व सिकटा विधायक वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता मौजूद रहेंगे। सम्मेलन में राज्य भर से चुने गए प्रतिनिधियों के साथ-साथ अन्य बिरादराना मजदूर संगठनों के राज्य स्तरीय व स्थानीय नेता भी अतिथि के रूप में भाग लेंगे। इस दौरान पिछले सत्र के कामकाज की समीक्षा की जाएगी, आगामी सत्र के लिए आंदोलन की रूपरेखा तय होगी और नई राज्य कमेटी का चुनाव किया जाएगा।
मोतिहारी रवाना होने वाले भागलपुर के प्रतिनिधिमंडल में यूनियन के राज्य अध्यक्ष एसके शर्मा, राज्य सह जिला सचिव मुकेश मुक्त, जिला उपाध्यक्ष दिनेश कापरी, जिला संयुक्त सचिव राजेश कुमार व सिकन्दर तांती के अलावा मुनेश्वर राय, योगेंद्र सिंह, मो. मुमताज, इंदु देवी, अंजना देवी, संगीता देवी, मो. रुस्तम, कैलाश मंडल, सुग्रीव पासवान और गोपाल कापरी शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर