मोरेग्राम–किशनगंज हाई स्पीड कॉरिडोर के डीपीआर पर मंथन, जनप्रतिनिधियों ने दिए सुझाव
किशनगंज, 04 जुलाई (हि.स.)। प्रस्तावित मोरेग्राम–किशनगंज हाई स्पीड कॉरिडोर के निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने के संबंध में शनिवार को परामर्श बैठक आयोजित की गई।
बैठक में किशनगंज के सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आज़ाद ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ परियोजना पर चर्चा करते हुए क्षेत्रहित से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
बैठक में अमौर विधायक अख्तरुल ईमान, बायसी विधायक गुलाम सरवर, पूर्णिया के जिलाधिकारी अंशुल कुमार तथा संबंधित अंचल अधिकारी भी मौजूद रहे।
जनप्रतिनिधियों ने प्रस्तावित कॉरिडोर के निर्माण में स्थानीय आवश्यकताओं, भूमि संबंधी पहलुओं और क्षेत्रीय विकास को प्राथमिकता देने पर बल दिया। सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद ने कहा कि मोरेग्राम–किशनगंज हाई स्पीड कॉरिडोर के निर्माण से क्षेत्र की सड़क संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी। इसके साथ ही व्यापार, उद्योग, निवेश, रोजगार और आवागमन को नई गति मिलेगी, जिससे सीमांचल के विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों ने डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया और परियोजना की रूपरेखा पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों को परियोजना में शामिल करने पर भी चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि प्रस्तावित हाई स्पीड कॉरिडोर के निर्माण से किशनगंज लोकसभा क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में बुनियादी ढांचे का विकास होगा और लोगों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह