1 नवंबर की दिल्ली महारैली में शामिल होने की अपील, सुपौल से जुटेंगे कांग्रेसजन
सुपौल, 28 अक्टूबर (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली को लेकर सुपौल जिला कांग्रेस कमेटी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महारैली में जिले से सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। इसी सिलसिले में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक और झारखंड के खिजरी विधायक राजेश कच्छप सुपौल पहुंचे।
उन्होंने जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर महारैली की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा की। जिला कांग्रेस कार्यालय में राष्ट्रीय प्रवक्ता सह जिलाध्यक्ष अनुपम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राजेश कच्छप का स्वागत किया गया। इस दौरान संगठन की तैयारियों, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और अभियान के संदेश को आम लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अनुपम ने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान केवल कांग्रेस का राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, मताधिकार की स्वतंत्रता और संविधान की रक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है। विधायक राजेश कच्छप ने जिला कांग्रेस नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सुपौल से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने जिले में कांग्रेस संगठन की सक्रियता का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से अभियान को गांव-गांव और पंचायत-पंचायत तक पहुंचाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ जुटें, ताकि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित महारैली में जिले की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
बैठक में प्रखंड अध्यक्षों, प्रखंड प्रभारियों, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से महारैली में शामिल होने की अपील की गई। जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के संदेश को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए संगठन स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र