प्रोग्रामर अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने सूचना प्रावैधिकी मंत्री से की मुलाकात

 


पटना, 05 सितंबर (हि.स.)। बिहार स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (बेल्ट्रॉन) के माध्यम से चयनित 522 प्रोग्रामर अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार काे सूचना प्रावैधिकी विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा से उनके आवास पर औपचारिक मुलाकात की।

इस दौरान अभ्यर्थियों ने ज्वाइनिंग प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। बैठक में बेल्ट्रॉन के प्रबंध निदेशक कौशल किशोर भी उपस्थित रहे।

मंत्री नीतीश मिश्रा ने अभ्यर्थियों की बातों को सहजतापूर्वक सुना और उनके साथ खुले हृदय से संवाद किया। उन्होंने कहा कि चयनित अभ्यर्थियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान किया जाएगा।

इस संबंध में उन्होंने बेल्ट्रॉन के प्रबंध निदेशक कौशल किशोर को आवश्यक कार्रवाई करते हुए अभ्यर्थियों की समस्याओं का जल्द से जल्द निराकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान यह स्पष्ट किया गया कि जिन चयनित अभ्यर्थियों का केवाईसी लंबित है, उनके केवाईसी की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाएगा। वहीं, जिन अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापनअभी नहीं हो पाया है, उन्हें आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि विभाग चयनित अभ्यर्थियों के हितों के प्रति संवेदनशील है और प्रक्रियागत समस्याओं को दूर करते हुए शीघ्र ज्वाइनिंग की प्रक्रिया पूरी करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पात्र अभ्यर्थियों से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार युवाओं को रोजगार एवं रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री का स्पष्ट विज़न है कि बिहार के युवाओं की प्रतिभा और क्षमता को सही अवसर मिले तथा उन्हें अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार प्राप्त हो।

सूचना प्रावैधिकी के क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार की नई संभावनाओं का सृजन सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी