खेल मंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल, बेनीपुर स्टेडियम के जीर्णोद्धार की उठाई मांग

 


दरभंगा, 10 जून (हि.स.)।

जननायक कर्पूरी ठाकुर बाबा नागार्जुन स्टेडियम, बेनीपुर के जीर्णोद्धार एवं खेल सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर स्थानीय प्रतिनिधिमंडलों ने बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह से मुलाकात की।

इस दौरान बाबा नागार्जुन स्मृति मंच के अध्यक्ष ऋषभ कुमार एवं सचिव हंसिका कश्यप तथा भाजपा नगर अध्यक्ष प्रवीण झा एवं नगर महामंत्री सुबोध कामत ने अलग-अलग शिष्टमंडलों के माध्यम से खेल मंत्री को ज्ञापन सौंपकर स्टेडियम के विकास की मांग की।

प्रतिनिधिमंडलों ने खेल मंत्री को बताया कि बेनीपुर का यह महत्वपूर्ण स्टेडियम वर्षों से उपेक्षा का शिकार है। आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के अभाव में क्षेत्र के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं की तैयारी में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए स्टेडियम का समुचित विकास अत्यंत आवश्यक है।

ज्ञापन में स्टेडियम के जीर्णोद्धार, खेल मैदान के समतलीकरण, दर्शक दीर्घा निर्माण, उच्च गुणवत्ता वाली प्रकाश व्यवस्था, शौचालय निर्माण तथा अन्य खेल सुविधाओं के विस्तार की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडलों का कहना था कि इन सुविधाओं के विकसित होने से बेनीपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण वातावरण मिलेगा तथा स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा।

खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने शिष्टमंडलों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा खेल अवसंरचना को मजबूत बनाना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिल सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra