नालंदा में ई-रिक्शा से दबकर 13 वर्षीय बच्ची की मौत
नालंदा, बिहारशरीफ 08 मार्च (हि.स.)। नालंदा जिले के बिहार थाना क्षेत्र के कचहरी मोड़ के समीप आज रविवार को सड़क हादसे में 13 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। अनियंत्रित ई-रिक्शा के पलटने से बच्ची उसके नीचे दब गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतका नालंदा थाना क्षेत्र के मिर्चायगंज निवासी सूर्यभूषण पंडित की 13 वर्षीय पुत्री वंदना पंडित है।
बताया जाता है कि वंदना को पेट दर्द की शिकायत होने पर परिजन उसे इलाज के लिए बिहारशरीफ स्थित एक निजी क्लिनिक में लेकर आए थे। जांच के बाद डॉक्टर ने बच्ची को कुछ खाकर आने की सलाह दी।डॉक्टर की सलाह पर वंदना अपने परिजनों के साथ क्लिनिक से बाहर निकलकर नाश्ता करने जा रही थी। इसी दौरान कचहरी मोड़ के पास एक अनियंत्रित ई-रिक्शा अचानक पलट गया और वंदना उसके नीचे दब गई। हादसे में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई।घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल बच्ची को आनन-फानन में इलाज के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले को लेकर बिहार थाना अध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया कि सड़क हादसे में बच्ची की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे