खेत गए मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
भागलपुर, 11 नवंबर (हि.स.)।
जिले के तिलकामांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत सच्चिदानंद नगर में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान सच्चिदानंद नगर निवासी कुंदन मंडल के रूप में की गई है।
इस अचानक हुई घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मिली जानकारी के अनुसार, कुंदन मंडल मकई बोने के लिए शंकरपुर जवनिया स्थित लक्ष्मीपुर दियारा खेत गए हुए थे। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत हो गई। हालांकि, उनकी मौत किन कारणों से और किन परिस्थितियों में हुई, इसका अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने मृतक के परिजन को फोन के माध्यम से मामले की जानकारी दी। कुंदन की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक के छोटे भाई ने बताया कि वह सुबह मकई बोने की बात कहकर खेत के लिए निकले थे, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी मौत की खबर आ गई।
अचानक हुई इस घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। बताया जा रहा है कि कुंदन मंडल अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियों को छोड़ गए हैं। वह अपने परिवार के अकेले कमाऊ सदस्य थे, और उन्हीं की मजदूरी से पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था। कुंदन की असमय मौत के बाद अब उनकी पत्नी और तीन मासूम बेटियों के सामने रोजी-रोटी का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मौत के आधिकारिक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर