प्रोफेसर कॉलोनी में मधेपुरा के रहने वाले इंटर के छात्र की संदेहास्पद मौत
भागलपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र अंतर्गत साहेबगंज प्रोफेसर कॉलोनी में मंगलवार शाम इंटरमीडिएट के एक नाबालिग छात्र की मौत का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस शव को अपने साथ ले गयी, जिसका बुधवार को पोस्टमार्टम कराया गया है।
बताया जा रहा है कि मृतक छात्र का परिवार पिछले करीब 10 वर्षों से प्रोफेसर कॉलोनी स्थित एक किराए के मकान में रह रहा है। छात्र के पिता निजी क्षेत्र में कार्यरत हैं। यह परिवार मूल रूप से मधेपुरा जिले के आलमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कटोरिया गांव का रहने वाला है। घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है। स्थानीय विश्वविद्यालय थाना पुलिस को मामले की सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी थी। इसके बाद, बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मौत के कारणों की सटीक जांच के लिए पुलिस परिजनों से पूछताछ और मामले के विभिन्न पहलुओं की छानबीन में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर