संदिग्ध परिस्थितियों में छात्रा की मौत
भागलपुर, 09 जून (हि.स.)। जिले के सजौर थाना क्षेत्र के दरियापुर पंचायत अंतर्गत हसनपुर गांव में 12वीं कक्षा की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतका की पहचान हसनपुर निवासी मनोज बिंद की 17 वर्षीय पुत्री अंजनी कुमारी के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मायागंज अस्पताल भेज दिया।
परिजन के अनुसार अंजनी 12वीं कक्षा की छात्रा थी और आगे की पढ़ाई जारी रखते हुए स्नातक में नामांकन कराने की तैयारी कर रही थी। वह पढ़ाई में काफी होनहार थी और परिवार को उससे कई उम्मीदें थीं।
बताया गया कि सोमवार की रात उसने घर में स्वयं रोटी बनाकर सभी परिजनों को भोजन कराया। उसने अपने पिता को भी खाना खिलाया और घर के अन्य कामकाज निपटाए। सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ ही देर बाद उसके पेट में अचानक तेज दर्द शुरू हो गया। परिवार वालों ने स्थिति गंभीर होते देख बिना देर किए उसे इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले जाने का निर्णय लिया। परिजन उसे लेकर घर से निकले, लेकिन करीब तीन किलोमीटर दूर दरियापुर बाजार पहुंचते-पहुंचते उसकी हालत बिगड़ गई और रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
छात्रा की मौत के बाद परिजन उसे वापस घर लेकर आ गए। इसी बीच किसी स्थानीय व्यक्ति ने डायल 112 पुलिस को घटना की सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम हसनपुर गांव पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका के बड़े पिता चुनचुन बिंद ने बताया कि अंजनी परिवार की दो बहनों और दो भाइयों में तीसरे नंबर पर थी। वह पढ़ाई में अच्छी थी और भविष्य को लेकर बड़े सपने देख रही थी। उन्होंने बताया कि उसे पहले कभी पेट दर्द की कोई गंभीर शिकायत नहीं रही थी। ऐसे में अचानक पेट दर्द उठने और कुछ ही देर में उसकी मौत हो जाने से पूरा परिवार स्तब्ध और सदमे में है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है। छात्रा की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर