मैच देखकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, परिवार में कोहराम

 


भागलपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के अकबरनगर थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव के पास सड़क हादसे में 34 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक किशनपुर निवासी कैलाश मंडल के पुत्र राकेश कुमार (34) है। घटना के बाद से मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची है।

परिजन से मिली जानकारी के अनुसार, राकेश कुमार ममलखा गांव में एक मैच देखने गया था। शाम को वहां से घर लौटने के दौरान किशनपुर के पास ही वह किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। हादसा किन परिस्थितियों में और किस वाहन से हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है, क्योंकि घटना के वक्त मौके पर कोई मौजूद नहीं था। हादसे के बाद राकेश सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा था। कुछ देर बाद उधर से गुजर रहे एक स्थानीय राहगीर की नजर उस पर पड़ी। उसने राकेश को पहचान कर तुरंत उसके परिजन को सूचित किया और उसे घर पहुंचाया। उस समय राकेश की सांसें चल रही थीं। इसके बाद नाथनगर में रह रहे उसके बेटे को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही बेटा तुरंत पहुंचा और परिजन की मदद से राकेश को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात वाहन और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की छानबीन की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर